आईपीएल क्रिकेट मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग कर विज्ञापन से रुपये कमाने वाले युवक के खिलाफ जुनावई थाने में निजी चैनल के अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी व आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी युवक को जिले की स्वाट टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। जिससे पुलिस ने पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस अवैध कार्य में कई और लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की टीम पड़ताल करने में जुटी है।
दिल्ली के प्रहलादपुर निवासी लव कुमार पुत्र लाल सिंह ने गुरुवार देर रात पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह निजी चैनल कंपनी में जांच अधिकारी के तौर पर कार्य करते हैं और उनकी कंपनी के कई चैनल हैं। बताया कि संभल जिले के एक व्यक्ति ने एक पिकाशो एप के माध्यम से उनके चैनल की लाइव स्ट्रीम सार्वजनिक कर दी है और विज्ञापन के माध्यम से अवैध कमाई की जा रही है। जबकि यह धोखाधड़ी है और उसकी कंपनी को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। जिस एप से यह स्ट्रीमिंग की जा रही है वह भी अवैध है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन कर जुनावई थाना क्षेत्र के गांव पुसावाली निवासी विजनेश कुमार उर्फ आर्यन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने एप के माध्यम से स्ट्रीमिंग की है। स्ट्रीम के दौरान जो विज्ञापन आया उससे कुछ डॉलर की ही कमाई की है। पुलिस पूछताछ में कई और नाम भी सामने आए हैं। जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम को लगाया है। जिससे पूरे मामले का खुलासा किया जा सके।
दर्जनों चैनलों की लाइव स्ट्रीमिंग दिखा रही एप
संभल। जिस एप के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट के मैच लाइव दिखाए जा रहे हैं। इसी एप के माध्यम से दर्जनों अन्य चैनल की भी लाइव स्ट्रीमिंग दिखाई जा रही है। मूवी रिलीज होते ही इस एप पर अपलोड कर दी जाती है। जिससे मूवी कंपनी को भी बड़ा नुकसान पहुंच रहा है। यह एप गूगल से डाउनलोड की जा रही है। इसको डाउनलोड भी कई करोड़ लोग कर चुके हैं।
फर्जी पिकाशो एप के माध्यम से लाइव स्ट्रीम की जा रही थी। निजी चैनल कंपनी
के अधिकारी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में छानबीन की जा रही है। जिससे पूरी हकीकत सामने आ सके और जो लोग इस मामले में संलिप्त हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। चक्रेश मिश्र, एसपी, संभल