धनारी। थाना क्षेत्र के सेमरा भूड़ में मिले शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की गला दबाकर हत्या करने का खुलासा हुआ है। मृतक के तहेरे भाई की तहरीर पर सगे भाई व उसके समधी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
मंगलवार की सुबह सात बजे थाना क्षेत्र के सेमरा भूड़ के पास सड़क किनारे शव मिला था। घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंच ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया था। जिसमें शव की शिनाख्त वीरपाल सिंह (35) पुत्र अतर सिंह निवासी औरंगाबाद की मढ़ैया के रूप में हुई थी। मृतक की नाक व मुंह से खून निकल रहा था। परिजनों ने बताया कि वीरपाल सोमवार की सुबह दस बजे अपने सगे भाई व उसके समधी रामदास के साथ घर से गया था। इसके बाद शाम तक वह घर नहीं लौटा और मंगलवार की सुबह उसका शव मिला। बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वीरपाल की गला दबाकर हत्या का खुलासा होने पर मृतक के तहेरे भाई वीरेश कुमार ने थाने में तहरीर दी है। थाने में मृतक के सगे भाई स्वराज व उनके बेटे के ससुर रामदास निवासी गांव अजरा थाना हयातनगर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।