संभल-असमोली मार्ग पर मानकों को सुधारने का काम लोक निर्माण विभाग की ओर से शुरू किया गया है। पांच किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग पर 16 संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही कैट आईज और टेबल टॉपर (ब्रेकर) बनाए जाएंगे। फिलहाल बोर्ड लगाए जा रहे हैं लेकिन अभी नगर पालिका नहीं जागी है। उनकी ओर से नाले पर स्लैब डालने का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है। नगर पालिका के ईओ का कहना है कि 15 अगस्त के बाद नाले को कवर कराने का काम किया जाएगा।
शनिवार को संभल-मुरादाबाद मार्ग से संभल-जोया मार्ग तक संभल बाईपास पर जगह-जगह संकेतक बोर्ड लगाए जाने का कार्य शुरू किया गया। यह बोर्ड न सिर्फ मोड़ों पर चालकों को सचेत करेंगे बल्कि रास्ते में चलते समय सावधानी बरतने को भी प्रेरित करेंगे। वहीं, यातायात के नियमों को लेकर भी जागरूक करेंगे। मालूम हो सात अगस्त की रात को असमोली थाना क्षेत्र के गांव मनोटा निवासी आबिद के 17 वर्षीय बेटे फैजान और सात वर्षीय बेटा साहिल की जान गई थी। यह दोनों भाई बाइक पर सवार होकर घर से चले थे। जैसे ही मंडलाई के नजदीक बाईपास पर बने तीव्र मोड़ पर पहुंचे तो बाइक अनियंत्रित होकर नाले में जा घुसी थी जिसमें दोनों भाइयों की नाले में डूबने से मौत हो गई थी। इस नाले को तत्काल कवर कराने के बजाए अभी खुला ही बहने के लिए छोड़ दिया है। लोक निर्माण विभाग ने तो संकेतक लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। मगर नगर पालिका पर इस हादसे का कोई असर नहीं है। नाले कवर करने के को लेकर जब नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि 15 अगस्त के बाद नाले को कवर कराने का काम कराया जाएगा।