रजपुरा। गांव चाऊपुर डांडा में टूटे हुए पोल से बिजली की सप्लाई सुचारू है। ग्रामीणों में बिजली विभाग की इस लापरवाही को लेकर रोष है। ग्रामीणों का दावा है कि वह लगातार विभाग से शिकायत कर रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। जबकि हादसा किसी भी वक्त बड़ा हो सकता है। ग्रामीणों ने समाधान किए जाने की मांग उठाई है। रजपुरा ब्लॉक के गांव चाऊपुर डांडा में पिछले तीन दिन से बिजली का पोल टूटा हुआ पड़ा है। हैरानी की बात यह है कि इस पोल से ही बिजली आपूर्ति सुचारू है।
ग्रामीणों ने इस पोल के नीचे डंडे को लगा दिया है। जिससे यह पोल जमीन से न टिक जाए। यदि बिजली आपूर्ति सुचारू रहते यह पोल जमीन से टिका तो करंट फैल जाएगा। इस पोल से गांव की एलटी लाइन की आपूर्ति होती है। घनी आबादी के बीच गिरे इस पोल की सुध बिजली विभाग नहीं ले रहा है। दानवीर ने बताया इसकी शिकायत बिजली घर रजपुरा के अधिकारियों से की गई थी लेकिन पोल नही बदला।
रास्ते को खोलने के लिये पोल को एक डंडा के सहारे रोक कर ग्रामीण निकलने को मजबूर है। गांव के भूपाल सिंह ने बताया इसी टूटे पोल से बिजली की सप्लाई हो रही है। राहगीरों के साथ हादसा होने का डर सता रहा है। बिजली कर्मचारियों को कई बार सूचना दे दी लेकिन कोई सुनवाई नहीं है।