चंदौसी। थाना बनियाठेर के गांव जनेटा स्थित संभल मार्ग पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन युवकों को चोरी की बाइक केे साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की एक अन्य बाइक व एक ट्रैक्टर ट्राली बरामद की है। तीनों के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गुरुवार की रात करीब साढ़े दस बजे बनियाठेर पुलिस गांव जनेटा के पास संभल मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर तीन युवक आते नजर आए। पुलिस ने तीनों को रोक लिया और तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध हथियार बरामद होने पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने जब तीनों युवकों से सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जनेटा में एक कोल्हू से चोरी की दूसरी बाइक व चोरी की एक ट्रैक्टर-ट्राली बरामद की।
आरोपियों ने अपने नाम नईम, तसलीम, नदीम निवासी जनेटा थाना बनियाठेर बताए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुंदर लाल, मनोज कुमार, अरुण कुमार, लोकेंद्र आदि शामिल रहे।