संभल। चाकू से हत्या करने वाले 25 हजार के इनामी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। हत्या के दूसरे आरोपी को कॉबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। हत्या का तीसरा आरोपी भागा हुआ है, जिसकी तलाश की जा रही है। इस मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसमें एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हत्या के इनामी आरोपी की टांग में गोली लगी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार किया गया।
रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे संभल कोतवाली पुलिस की मुरादाबाद मार्ग स्थित वाजिदपुर के नजदीक बाईपास पर हत्या के आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। हत्या के मुख्य आरोपी सलमान ने पुलिस पर फायरिंग की तो संभल कोतवाली में तैनात जिला बिजनौर के थाना नूरपुर अंतर्गत गांव शहादतपुर गुलाल निवासी सिपाही लोकेंद्र यादव के हाथ को गोली छूकर निकल गई। इसमें सिपाही लोकेंद्र यादव घायल हो गए।
पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इसमें हत्या के मुख्य आरोपी चमन सराय निवासी सलमान की टांग में गोली लगी। कॉबिंग के दौरान हत्या के दूसरे आरोपी सालिम उर्फ पुतला को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की दोपहर चमन सराय में तंदूर से रोटी बनाकर बेचने वाले हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन अंतर्गत मोहल्ला कटरा निवासी रेहान पर सलमान, सालिम उर्फ पुतला और जावेद ने चाकू से हमला किया था। इसमें उपचार के दौरान रेहान की मौत हो गई थी।
रेहान के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। यह विवाद उस समय हुआ था जब रेहान का रोटी बनाने वाला तंदूर आरोपियों ने उठा लिया था और रेहान ने वापस दिए जाने की मांग की तो गाली गलौज की। विरोध करने पर चाकू से हमला किया था। बताया कि दो दिन से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
रविवार को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की तो हत्या के आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी सलमान पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। अब आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
हत्या के आरोपियों पर मिली चोरी की बाइक
हत्या के आरोपी को भागने के लिए चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर रहे थे। मुठभेड़ के बाद छानबीन में इसका खुलाया किया गया। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बताया कि जो बाइक मुठभेड़ के दौरान मिली है। वह चोरी की है। पुलिस पर जानलेवा हमला करने के साथ ही चोरी की बाइक रखने के मामले में भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। अभी तीसरा आरोपी गिरफ्तार किया जाना बाकी है।