संभल में चाकू से हत्या करने वाले 25 हजार के इनामी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। हत्या के दूसरे आरोपी को कॉबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। हत्या का तीसरा आरोपी फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हत्या के इनामी आरोपी की टांग में गोली लगी है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
रविवार की दोपहर ढाई बजे करीब संभल कोतवाली पुलिस की मुरादाबाद मार्ग स्थित वाजिदपुर के नजदीक बाईपास पर हत्या के आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। हत्या आरोपी सलमान ने पुलिस पर फायरिंग की तो संभल कोतवाली में तैनात जिला बिजनौर के थाना नूरपुर अंतर्गत गांव शहादतपुर गुलाल निवासी लोकेंद्र यादव के हाथ को गोली छूकर निकल गई।
पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इसमें हत्या के मुख्य आरोपी चमन सराय निवासी सलमान की टांग में गोली लगी। कॉबिंग के दौरान हत्या के दूसरे आरोपी सालिम उर्फ पुतला गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र पहुंचे।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार की दोपहर चमन सराय में तंदूर से रोटी बनाकर बेचने वाले हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन अंतर्गत मोहल्ला कटरा निवासी रेहान पर सलमान, सालिम उर्फ पुतला और जावेद ने चाकू से हमला किया था। जिसमें उपचार के दौरान रेहान की मौत हो गई थी। रेहान के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई।
दो दिन से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। रविवार को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की तो हत्या के आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। बताया कि मुख्य आरोपी सलमान पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।