संभल। कार में भरकर गोवंशीय पशु की हत्या करने जा रहे एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है। जबकि दूसरा आरोपी पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। पुलिस को मौके से पशु की हत्या करने के उपकरण मिले हैं। पुलिस ने कार को सीज कर दिया हैै और आरोपियों के खिलाफ गो हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। भागे हुए आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
सोमवार को हयातनगर थाना पुलिस गश्त कर रही थी। इस दौरान एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए गांव बबैना में प्लाईवुड फैक्टरी के नजदीक पकड़ लिया। कार सवार एक आरोपी हाथ आ गया। जबकि दूसरा भाग गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाला निवासी शुएब के रूप में कराई। जबकि भागे हुए का नाम मोहल्ला नाला निवासी लुकमान बताया।
आरोपी ने बताया कि वह आवारा गोवंशीय पशुओं को कार में भरकर ले जाते हैं और हत्या कर मांस बेच देते हैं। पुलिस ने कार से पशु की हत्या करने के उपकरण बरामद किए हैं। हयातनगर थाना इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गो हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। भागे हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।