संभल। हत्या के तीन मामलों में वांछित 25,000 रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस मुख्य आरोपी फईम उर्फ बाबा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
22 जनवरी शनिवार को एसपी चक्रेश मिश्र ने चौधरी सराय पुलिस चौकी में तीनों हत्या का खुलासा किया था। सवा महीने के अंदर हुईं तीन हत्याओं का मुख्य आरोपी देहली दरवाजा निवासी फईम उर्फ बाबा ने अपने साथी मोहल्ला कोटगर्बी पानी वाली टंकी निवासी फूल उर्फ जैनुल आबेदीन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। युवक का शव हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव फुलसिंघा के नजदीक बोरे में बंद करके और दो महिलाओं की हत्या एक दिन में करके उनके शव अलग-अलग दिन फेंके गए थे।
पुलिस के मुताबिक हत्याएं मोहल्ला नरोत्तम सराय में फईम उर्फ बाबा ने फूल उर्फ जैनुल आबेदीन के साथ मिलकर अपने भाई के खाली मकान में की थीं। साक्ष्य और सर्विलांस टीम की मेहनत से आरोपियों तक पहुंचा गया। नखासा थाने के इंस्पेक्टर ओमकार सिंह ने बताया कि 25,000 रुपये के इनामी आरोपी फूल उर्फ जैनुल आबेदीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।