फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओवरलोड गन्ना भरे वाहन बन रहे बड़ा खतरा, प्रशासन अंजान

विज्ञापन
विज्ञापन
संभल। शहर से लेकर देहात तक इन दिनों सड़कों पर गन्ना भरे ओवरलोड वाहन यमदूत बनकर दौड़ रहे हैं। इससे न सिर्फ हादसों का अंदेशा है, बल्कि यह जगह-जगह जाम का कारण बन रहे हैं। राहगीरों के लिए खतरा बने यह वाहन दिनभर सड़कों पर सरपट दौड़ रहे हैं। न कहीं कोई इनकी चेकिंग है और न रोकटोक। मिल प्रबंधन और प्रशासन इससे अंजान है। राहगीरों का कहना है कि गन्ने से भरे इन ओवरलोड वाहनों से हादसों का अंदेशा हर समय बना रहता है।
विज्ञापन

असमोली-लोधीपुर मार्ग पर गन्ने भरे ओवरलोड वाहनों का कब्जा बना रहता है। असमोली ही नहीं, संभल शहर भी इससे अछूता नहीं है। संभल-मुरादाबाद मार्ग और असमोली-लोधीपुर मार्ग पर कई ओवरलोड ट्रक अब तक पलट चुके हैं। गनीमत यह रही कि कोई हादसा नहीं हो पाया। मंगलवार को भी संभल-मुरादाबाद मार्ग पर बाईपास के निकट गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। जिसका चालक घायल हुआ है। मंगलवार को असमोली और संभल में अलग-अलग स्थानों का जायजा लिया गया तो तस्वीर बेहद चौंकाने वाली सामने आई।
सीन-एक
शहर के सबसे व्यस्त चंदौसी चौराहा और ओवरलोड गन्ने से भरा ट्रक। दोपहर में एक बजकर चालीस मिनट का समय। बहुत ही रेंग-रेंग कर चल रहा था। गन्ना बॉडी से ऊपर तक भरा हुआ था और ट्रक डगमगा रहा था। आगे-पीछे तमाम छोटे-बड़े वाहन बचकर निकल रहे थे। गनीमत यह रही कि यह ट्रक शहर से होकर सकुशल आगे तक निकल गया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि ओवरलोड ट्रक को न चौधरी सराय में किसी ने टोकने की जहमत उठाई और न चंदौसी चौराहा पर।
विज्ञापन

सीन-दो
मिल चौराहा असमोली में एक दो नहीं बल्कि हर पंद्रह मिनट में ओवरलोड वाहन गुजरता मिला। ट्रक ऐसे, उनकी क्षमता तो शायद ही इतनी हो लेकिन गन्ना बॉडी से ऊपर तक भरा हुआ था। बेहद ही खतरनाक मोड़ में यह ट्रक चौराहे पर पहुंचते रहे और लोगों की सांसें थमतीं रहीं। करीब पांच मिनट की अवधि में यह ट्रक मिल की ओर मुड़ पा रहे थे। जरा सी चूक पर हादसा निश्चित था।
राहगीरों की जुबानी
असमोली में मिल रोड पर जब घूमते हैं तो ओवरलोड वाहन देख दूर हट जाते हैं। क्योंकि इस तरह के ओवरलोड वाहन पहले भी हादसे का शिकार हो चुके हैं। ओवरलोड गन्ने से भरे ट्रकों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन ट्रकों में मानकों के अनुसार ही गन्ना लदवाएं, ताकि सफर सुरक्षित रहे।
विजय सिंह, राहगीर
ट्रक की बॉडी से लगभग दो मीटर से भी अधिक ऊंचाई तक गन्ना भरा जाता है। ओवरलोड व ओवर हाइट गन्ना भरने से कोई बड़ा हादसा हो सकता है। मिल प्रबंधन और प्रशासन तय करे ट्रकों में ओवरलोड गन्ना किसी भी हाल में न भरा जाए।
बॉबी, राहगीर
यह बोले जिम्मेदार
ट्रांसपोर्टरों को नोटिस दिए जा रहे हैं। इस संबंध में बैठक भी बुलाई गई है। ट्रक में जो गन्ना भरा जा रहा है, वह बॉडी के भीतर रहे और ट्रक ओवरलोड न हो, इसके लिए हम भी प्रयासरत हैं।
विज्ञापन

आजाद सिंह, असमोली मिल के वरिष्ठ प्रधान प्रबंधक गन्ना
ओवरलोड वाहनों के संचालन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। गन्ने से लदे जो ओवरलोड वाहन सड़कों पर चल रहे हैं, उनकी चेकिंग कराई जाएगी।
अंबरीश कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें