संभल। केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार ने तमाम अभूतपूर्व काम किए हैं। बेरोजगारों को रोजगार देने से लेकर योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा सरकार अपने कामकाज के दम पर फिर से यूपी में आएगी। प्रेसवार्ता में जिले के प्रभारी मंत्री बल्देव औलख ने यह बातें कहीं।
मुरादाबाद रोड स्थित एकता विहार में भाजपा के जिला कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में जिले के प्रभारी मंत्री बल्देव औलख ने कहा कि किसानों के पीछे सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग लगे हैं। इनके पास कोई मुद्दा तो है नहीं इसलिए यह किसानों के पीछे रहकर धरना प्रदर्शन में लगे हैं। हकीकत में इनके पास कोई मुद्दा है नहीं और कोई टिप्पणी करने का भी अधिकार इन लोगों को नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद के लोग कोरोना काल में सड़कों पर रहकर समाज सेवा में लगे हैं जबकि अन्य दलों के लोग घरों में कैद रहे। देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था है तो सभी को धरना-प्रदर्शन करने का अधिकार है। कोई भी धरना प्रदर्शन कर सकता है। हम किसानों के साथ हैं। यदि अधिकारी किसानों के खिलाफ कोई गलत कार्रवाई करेंगे तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
सरकार ने निचले पायदान तक बिजली, गैस और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी, गुन्नौर के विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका यादव आदि मौजूद रहे।