धनारी (संभल)। क्षेत्र के गांव कीरतपुर में शराब पीकर तमंचा लेकर घूमने वाले आरोपी का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोपी ने शनिवार की दोपहर उसके घर आकर पेट में गोली मारकर युवक की हत्या कर दी और फरार हो गया। सूचना पर एसपी चक्रेश मिश्र ने मौका मुआयना किया। आरोपी मृतक का दोस्त था और रिश्ते का मौसा भी लगता था। मृतक के पिता ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के किरतपुर निवासी ओमपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार की दोपहर वह अपने बेटे अशोक (28) व दो अन्य बेटों के साथ घर के आंगन में खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी गांव निवासी बालजीत, उसका भाई ज्ञान सिंह, पिता बालिस्तर तमंचा लेकर आ गए और गाली गलौज करने लगे। अशोक ने गाली का विरोध किया तो आरोपी बालजीत सिंह ने तमंचे से उसके पेट में गोली मार दी।
इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आनन फानन अशोक को घायल अवस्था में ट्रैक्टर से ही बहजोई के लिए लेकर दौड़ पड़े। रास्ते में एंबुलेंस के मिल जाने पर उसे बहजोई लेकर पहुंचे। वहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल संभल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी चक्रेश मिश्र व पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया और आरोपी की तलाश में जुट गई। मृतक के पिता ओमपाल सिंह ने तहरीर में बताया कि आरोपी बालजीत तमंचा लेकर शराब पीकर आए दिन उनके घर के आसपास घूमता है और गाली देता था। इस बात को लेकर अशोक उसे पहले कई बार तमंचा लेकर शराब पीकर घूमने से मना कर चुका था। इसी बात को लेकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है।