बबराला। आगरा -मुरादाबाद हाईवे पर बबराला में रात के समय ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई तथा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना रजपुरा के गांव दादपुर निवासी जगपाल (25), प्रमोद कुमार (23) सबमर्सिबल लगाने का काम करते हैं। रविवार की रात दोनों गुन्नौर से काम कर बाइक से वापस घर आ रहे थे। बबराला में मंडी समिति के सामने उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस को सूचना देकर उन्हें सीएचसी गुन्नौर में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने जगपाल को देखकर मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल प्रमोद को हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया तथा ट्रक कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गुन्नौर प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना ने बताया कि चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।