संभल। गांव बैनीपुर के नजदीक संपर्क मार्ग किनारे युवक की गर्दन कटी लाश मिली है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में किया और जांच पड़ताल की। युवक की जेब में कोई आईडी नहीं मिली। कुछ दूरी पर कपड़ों से भरा बैग मिला है। कपड़ों की जेब में दिल्ली की लोकल बस का टिकट मिला है। यह टिकट गुरुवार का है। इससे साफ हो गया है कि युवक की हत्या रात में किसी समय की गई है। अब युवक खुद संभल तक आया है या इसको लाया गया है इसकी पड़ताल पुलिस कर रही है। फॉरेंसिक टीम व सर्विलांस टीम को इस हत्या के खुलासे के लिए लगाया गया है। पुलिस शि नाख्त कराने का प्रयास कर रही है। वहीं घटनास्थल का मौका मुआयना एएसपी और सीओ ने भी किया। शव देखने वाले ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई है। शुक्रवार की दोपहर हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव बैनीपुर के नजदीक जंगल में संपर्क मार्ग किनारे एक ग्रामीण ने 24-25 वर्षीय युवक की लाश पड़ी देखी। गर्दन कटी हुई थी और आसपास खून फैला पड़ा था। ग्रामीणों ने हयातनगर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना इंस्पेक्टर फोर्स के साथ पहुंचे। हत्या का मामला होने पर आला अधिकारियों को सूचना दी गई। मौके पर एएसपी आलोक कुमार जायसवाल व सीओ अरूण कुमार सिंह पहुंचे। युवक की लाश से कुछ दूरी पर पुलिस को कपड़ों का बैग मिला है। इस बैग में रखे कपड़ों के अंदर दिल्ली में चलने वाली डीटीसी बस का गुरुवार में बना टिकट मिला है। जो पुश्ता इलाके से आनंद विहार बस अड्डे के लिए बना था। इससे साफ हो गया है कि युवक गुरुवार को दिन में दिल्ली में था और शाम या रात तक संभल पहुंचा। इसके बाद ही हत्या की गई है। पुलिस ने आसपास के इलाके में शिनाख्त कराने के लिए सूचना भेज दी है। हत्या के इस मामले में खुलासे के लिए फॉरेंसिक व सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
कहीं लूट के बाद तो हत्या नहीं की गई, रुपये व पर्स तक नहीं मिला
संभल। युवक दिल्ली से लौटा है इसकी पुष्टि तो जेब से मिले दिल्ली की लोकल बस के टिकट से हो रही है, लेकिन युवक की जेब में न रुपये मिले और न पर्स मिला। बैग में मोबाइल फोन का ईअरफोन व चार्जर मिला है। इसका मतलब युवक के पास मोबाइल भी था। इससे अंदेशा है कि कहीं युवक के साथ लूट की घटना तो नहीं की गई और जब युवक ने विरोध किया तो हत्या कर दी गई। जेब से रुपये न मिलना तो लूट के बाद हत्या किए जाने की तरफ इशारा कर रहे हैं। हालांकि पुलिस इस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द खुलासा होने की उम्मीद है।
शव मिलने की सूचना पर पहुंचे थे। मौके पर कोई आईडी नहीं मिली है। युवक की हत्या हुई है और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थाना पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक व सर्विलांस टीम लगी है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
अरूण कुमार सिंह, सीओ, संभल।