संभल। नखासा पुलिस ने मोहल्ला शहबाजपुरा में दबिश देकर जुआ खेलते नौ आरोपी पकड़े हैं। इनमें नगर पालिका परिषद की सभासद का पति भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 हजार रुपये और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सोमवार को नखासा थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह पुलिस बल के साथ विभिन्न मामलों में फरार चले रहे अपराधियों की तलाश में थे।
इसी दौरान मोहल्ला शहबाजपुरा में आम के बाग में नौ लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से जुुआ खेलते नगर पालिका परिषद संभल की सभासद के पति अनीस समेत मेहराज, अकरम, मोहम्मद कलीम, नदीम, कासिफ, नईम, मोहम्मद हसन और रियाज को पकड़ लिया।
जुआ खेलते पकड़े गए यह सभी आरोपी दीपासराय मोहल्ले के निवासी हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, पुलिस ने दस लीटर कच्ची शराब के साथ सुबहान को पकड़ा है। इसके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।