संभल। हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों की मोपेड संभल-मुरादाबाद मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गई, जिसमें एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दूसरे छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहगीरों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव ताहरपुर सिमरौआ निवासी मोनू (15) पुत्र रामकिशोर गांव अढ़ोला माफी के चंद्रवती इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था और उसका परीक्षा केंद्र सिरसी के जवाहरलाल मेमोरियल इंटर कॉलेज में था। सोमवार की सुबह करीब सात बजे मोनू मोपेड पर सवार होकर अपने सहपाठी विनित कुमार के साथ परीक्षा देने जवाहरलाल इंटर कॉलेज में जा रहा था। उनकी मोपेड संभल-मुरादाबाद मार्ग स्थित मुकर्रबपुर मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। टक्कर लगने से मोपेड पर पीछे बैठा मोनू सड़क पर जा गिरा और ट्रैक्टर-ट्राली के पहिये के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मोपेड चला रहा विनीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
हजरतनगर गढ़ी थाना के इंस्पेक्टर सीवी सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संभल कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय निवासी ट्रैक्टर चालक फईम को रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।