बहजोई(संभल)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में बेड पर मिला। इस बीच विवाहिता के ससुराल वाले मौके से फरार हो गए। रिश्तेदारों की सूचना पर पहुंचे विवाहिता के मायके वाले ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मायके वालों की तहरीर पर दहेज हत्या में पति समेत पांच ससुराल पक्ष लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
शनिवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव रंपुरा निवासी विवाहिता फूलबानो (22) पत्नी इसलाम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के एक कमरे में बेड पर मिला। विवाहिता की मां जिला बदायूं के थाना उझानी के गांव बरसुआ निवासी आयशा बेगम ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की शादी करीब तीन वर्ष पहले गांव रंपुरा निवासी इसलाम पुत्र बाबू से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति समेत दूसरे ससुराल वाले दहेज में 50 हजार रुपये की मांग करते हुए बेटी के साथ मारपीट करते थे। कई बार बेटी से मोबाइल फोन पर संपर्क करना चाहा, लेकिन ससुराल वालों ने बात नहीं कराई। इसके बाद 2 अप्रैल को सुबह उसकी बड़ी बेटी के रिश्तेदारों से जानकारी मिली कि फूलबानो का शव घर में पड़ा है। जानकारी होने पर बेटे तसलीम ने गांव रंपुरा जाकर देखा तो बेटी फूलबानो घर के बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी और ससुराल वाले मौके से फरार थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पति व ससुराल वालों ने ही दहेज को लेकर उसकी बेटी फूलबानो को मार डाला और घर से फरार हो गए। फूलबानो के एक छोटा बेटा है। अब उसके पालन-पोषण पर संकट रहेगा।
पुलिस ने विवाहिता के पिता साबिर निवासी गांव बरसुआ थाना उझानी जिला बदायूं की तहरीर पर गांव रंपुरा निवासी पति इसलाम, देवर जीशान व जेठ अबरार समेत सास हमजदी ननद रेशमा के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह का कहना है कि विवाहिता का शव बेड पर मिला है। ससुराल वाले फरार हैं। मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तहरीर के आधार पर विवाहिता के पति समेत पांच ससुराल पक्ष लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।