संभल। जिला मुख्यालय के लिए प्रस्तावित जमीन से तीन किलोमीटर दूर जिला जेल बनाई जाएगी। इसके लिए 27.80 हेक्टेयर जमीन की जरूरत पड़ेगी। जमीन खरीदने में 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जमीन के लिए जरूरी प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। यदि शासन से धनराशि मिल गई तो जमीन के अधिग्रहण में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा।
संभल जिला गुन्नौर, संभल और चंदौसी तहसील को मिलाकर 28 सितंबर 2011 को बनाया गया था।
इसके मुख्यालय को लेकर अब तक खींचतान चली है लेकिन जब से बहजोई मुख्यालय घोषित किया गया है। तब से आमतौर पर विरोध के स्वर थमे हुए हैं। बहजोई के पास फत्तेपुर शरीफनगर, आनंदपुर तथा घासीपुर में जिला मुख्यालय से संबंधित अवस्थापना सुविधाएं विकसित की जानी हैं। फत्तेपुर शरीफनगर में जिला मुख्यालय कलक्ट्रेट आदि का निर्माण होगा। जबकि जेल घासीपुर में बनेगी।
पुलिस लाइन का निर्माण आनंदपुर में होना है। जेल बनाने के लिए जमीन चिह्नित हो गई है। जमीन खरीदने के लिए अभी शासन से धन नहीं मिला है। इस संबंध में एक प्रस्ताव जल्दी ही भेजा जाएगा। प्रस्ताव में सर्किल रेट से चार गुना दाम पर जमीन खरीदने के लिए हरी झंडी लेने और कारागार विभाग से धनराशि हासिल करने के विषय का उल्लेख होगा।