चंदौसी। हिंदू जागरण मंच के प्रदेश मंत्री को एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी ने मैसेज में उसके भतीजे के मामले से हटने और उसे जेल से बाहर निकलवाने की बात कही है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हिंदू जागरण मंच के प्रदेश मंत्री का आरोप है कि उन्होंने किशोरी के साथ अश्लीलता करने के मामले में जिम ट्रेनर के खिलाफ कार्रवाई कराई थी।
हिंदू जागरण मंच के प्रदेश मंत्री कौशल किशोर ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 13 सितंबर को 11.52 बजे उनके मोबाइल पर सोशल मीडिया के अकाउंट पर धमकी भरा मैसेज भेजा। आरोपी की आईडी एजाज हुसैन के नाम से बनी हुई है। इसके बाद 25 सितंबर को बदायूं चुंगी पर उन्हें रोक गंदी-गंदी गालियां दीं और जिम प्रकरण के आरोपी को जेल से बाहर निकालने तथा उनके मामले से अलग रहने को कहा। बात न मानने पर जान से मारने की धमकी दी। कहासुनी के दौरान शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र होने पर एजाज हुसैन वहां से चला गया। कौशल किशोर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी एजाज हुसैन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कौशल किशोर ने बताया कि कुछ दिन पहले सुभाष रोड पर जिम में किशोरी के साथ जिम ट्रेनर ने अश्लीलता की थी। इस मामले में उन्होंने जिम ट्रेनर के खिलाफ कार्रवाई कराने में किशोरी के परिजनों का साथ दिया था। आरोपी एजाज हुसैन को जिम ट्रेनर का चाचा बताया जा रहा है।