चंदौसी। बिजली विभाग ने बकाया बिल जमा न करने पर ईओ चंदौसी के आवास की बिजली काट दी। जवाब में नाराज पालिका प्रशासन ने हाइडिल कॉलोनी की मुख्य सड़क पर कूड़ा डलवा दिया। दोनों विभागों की लड़ाई में गीता नगर कॉलोनी व हाइडिल कॉलोनी के लोग परेशान हो गए। कूड़ा डालने पर आनन फानन में ईओ आवास का कनेक्शन जोड़ दिया गया। अब पालिका ने 4.17 करोड़ रुपये का बकाया जमा कराने के लिए बिजली विभाग को नोटिस जारी किया है।
चंदौसी पालिका के अधिशासी अधिकारी के आवास पर बिजली विभाग का 2.16 लाख रुपये का बिल बकाया है। विभाग के अनुसार कई बार नोटिस देने के बाद भी बिल जमा नहीं किया गया। शुक्रवार की शाम बिजली विभाग की टीम ने बकाया बिल जमा नहीं करने पर ईओ के आवास का कनेक्शन काट दिया। जिससे नाराज पालिका प्रशासन ने शनिवार सुबह हाइडिल कॉलोनी की मुख्य सड़क पर कूड़ा डलवा दिया। सुबह सात बजे करीब हाइडिल स्थित गीता नगर कॉलोनी के लोग जागे और सड़क पर कूड़ा पड़ा देख चौंक गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इसी बीच पालिका के कर्मचारी कूड़े की एक और ट्रॉली लेकर सड़क पर पलटने पहुंच गए। लोगों ने वहां कूड़ा फेंकने से पहले ही उन्हें रोक दिया। इसके बाद अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। बिजली विभाग ने अधिकारियों ने ईओ से बातकर आवास का कनेक्शन जोड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद ईओ ने कर्मचारियों को सड़क से कूड़ा हटवाने के लिए भेज दिया।