चंदौसी। चंदौसी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में फर्जी तरीके से हरियाणा की महिला का बिजली के बिल और बीए के प्रवेश पत्र पर खाता खोले जाने का मामला प्रकाश में आया है। सात साल तक बिना आधार और केवाईसी के ही खाता चालू रहा। महिला जब अपने मायके चंदौसी आई तो फर्जी खाते का पता चला। महिला ने शाखा प्रबंधक से शिकायत कर उक्त खाता बंद करा दिया है। वहीं कोतवाली पहुंचकर फर्जी खाता खोलने वालों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। फर्जी बैंक एकाउंट खोलने वाले पीड़िता मधु जैन के नजदीकी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने महिला की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हरियाणा के जिला गुरुग्राम के शहर सोहना निवासी महिला मधु जैन का मायका चंदौसी में है। यहां उसकी कुछ संपत्ति भी है। पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि वह नौ मार्च को मायके आई, तो पता चला कि कुछ लोगों ने उनके नाम से पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय शाखा में एक फर्जी बैंक अकाउंट चार अगस्त 2015 से खोल रखा है। बैंक शाखा में पड़ताल की गई, तो सामने आया कि पारस जैन और उनके बेटे अनुभव जैन ने बैंक खाते की शिनाख्त की थी। बैंक खाते में पारस जैन का मोबाइल नंबर दर्ज है।
हैरानी की बात यह है कि तत्कालीन बैंक अधिकारियों द्वारा 1978 की बीए परीक्षा के मधु जैन के प्रवेश पत्र और बिजली के बिल के आधार पर बैंक अकाउंट खोला गया है। जबकि इन दस्तावेजों पर बैंक अकाउंट नहीं खोला जा सकता है। नौ मार्च को पारस जैन की पुत्री सिमरन जैन की ओर से दो चेक भी उनके खाते में जमा किए गए।
आरोप लगाया कि यह सभी उनकी संपत्ति के फर्जी बैनामा कराने के लिए किए गए हैं। मधु जैन ने शाखा प्रबंधक से शिकायत कर फर्जी बैंक अकाउंट बंद करा दिया है। वहीं, पुलिस ने तत्कालीन बैंक शाखा प्रबंधक, पारस जैन, अनुभव जैन और सिमरन जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में फर्जी अकाउंट खोलने की शिकायत मिली है। तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने व जालसाजी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
मुकेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक चंदौसी।