उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की ओर से सीता रोड स्थित एक फार्म में जिला व्यापारी सम्मेलन व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने व्यापारी समाज की समस्याओं के निराकरण व उनकी सुरक्षा का आश्वासन दिया। साथ ही जनपद के अधिकारियों को व्यापारी की समस्या को प्राथमिक देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जनपद के किसी भी व्यापारी का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। व्यापारियों के कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकंद स्वरूप मिश्रा ने कहा कि कृषि मंडी समिति, खाद्य सुरक्षा अधिनियम व जीएसटी की समस्याओं का सरकार शीघ्र निराकरण करे। इस विषय में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर समस्या का निस्तारण कराने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि उक्त विभागों में फैले भ्रष्टाचार से व्यापारी बहुत दुखी हैं, जबकि वह ईमानदारी से टेक्स देना चाहता है। व्यापारी का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि व्यापारी को शासन से जोड़ने का कार्य होना चाहिए। विधान परिषद में व्यापारी समाज की सीट होनी चाहिए तथा रजिस्टर्ड व्यापारी इसका वोटर होना चाहिए। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मुकंद स्वरूप मिश्रा ने कंछल गुट के सभी पदाधिकारियों को व्यापार मंडल की सदस्यता ग्रहण कराते हुए हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर ब्लाक बनियाखेड़ा प्रमुख डा. सुगंधा सिंह, अरविंद गुप्ता, फूल प्रकाश वार्ष्णेय, सुबोध वार्ष्णेय, नीरज बजाज, राहुल बिंदल, शीनू कश्यप, आशा बिसारिया,परमेश्वर लाल सैनी आदि रहे।