संभल। यूक्रेन के शहर खारकिव पर रूस की सेना ने हवाई और जमीनी के बाद वहां फंसे भयभीत छात्रों ने परिजनों को बताया कि अब उनके सामने बिजली और पानी की दिक्कत आ रही है। परिजन उनके सकुशल वतन लाए जाने को लेकर सरकार से अपील करने के साथ ही दुआ भी मांग रहे हैं।
गांव हाजीपुर निवासी मोहम्मद शादमान ने अपने पिता इमरान को बताया कि रविवार को मिसाइल से बिल्डिंगों पर हमला किया गया है। बिजली और पानी की दिक्कत हो रही है। पानी लाने के लिए बेसमेंट से निकलकर बाहर जाना पड़ रहा है। दीपा सराय निवासी अरूबा कमर ने पिता कमरूज्जमा को बताया कि वह और उनके साथी बेसमेंट में छिपे हुए हैं। रविवार को दिनभर धमाकों की आवाजें आती रहीं। सभी छात्रों में दहशत है। इसी यूनिवर्सिटी में गांव मदाला निवासी अदनान पुत्र मोहम्मद असरार, मोहम्मद आतिफ पुत्र आसिफ और बदरूद्दीन पुत्र गुलाम साबिर भी पढ़ाई कर रहे हैं। सभी छात्रों के परिजन परेशान हैं और लगातार बातचीत कर हाल जान रहे हैं।