चंदौसी(संभल)। मासिक किराये का झांसा देकर किसानों से ट्रैक्टर-ट्राली ठग लिए गए थे। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस के पास अभी तक 17 किसानों के अनुबंध पत्र आए हैं। एसपी के निर्देश पर जांच में लगी पुलिस व एसओजी की टीम ने आठ ट्रैक्टरों को बरामद कर लिया है। अन्य ट्रैक्टर की बरामदगी और ठगी के आरोपियों की तलाश को टीम दबिश दे रही है। एसपी संभल ने जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कही है।
संभल जनपद में धनारी और रजपुरा थाना क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों के किसानों के साथ आरोपियों ने दिसंबर 2021 व उसके बाद फर्जी अनुबंध किया था और उनके ट्रैक्टरों को किराये पर मुरादनगर के टोल प्लाजा पर लगाने की बात कही थी। अब किराया न मिलने पर किसानों ने मुरादनगर जाकर देखा, तो न तो आरोपी मिले थे और न ही उनके ट्रैक्टर वहां थे। इस मामले में गांव दादूपुर के किसान महेश सहित सात किसानों ने रजपुरा थाने में गाजियाबाद के थाना मुरादनगर गांव मथुरापुर निवासी मतेंद्र नागर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कई अन्य किसानों की शिकायत पुलिस के पास पहुंची थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संभल ने मामला एसओजी के हवाले कर दिया था।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक एसओजी ने फर्जी अनुबंध के जरिये गायब किए गए आठ ट्रैक्टर बरामद कर लिए हैं। ये ट्रैक्टर उन्होंने जिला कासगंज, इटावा और बदायूं से बरामद किए हैं। साथ ही अन्य ट्रैक्टरों की तलाश में लगी है।
जिले गांव दादूपुर, जमालपुर डांडा, पाठकपुर, नंगला चतुरभानपुर, सुंदरपुर व आसपास के गांव के करीब 50-60 किसानों के ट्रैक्टर ट्राली फर्जी अनुबंध पर गायब करने की चर्चा है। विभाग से जुड़े लोगों ने बताया कि अभी तक पुलिस के पास 17 फर्जी अनुबंध ही पहुंचे थे। किसानों को बरगलाने के लिए आरोपियों ने कुछ किसानों को लगातार एक से तीन माह तक किराया भी दिया था। उन्होंने 30 से 35 हजार रुपये प्रतिमाह किराये देने का झांसा दिया था।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक आरोपी मतेंद्र नागर और उसके साथी किसानों से फर्जी अनुबंध पर ट्रैक्टर ट्राली ले गए और गायब कर दी। इसके बाद दूसरे जनपदों में सेल्समैन के माध्यम से किसानों से संपर्क करते थे। साथ ही किसानों को अपनी मजबूरी बताकर नया ट्रैक्टर सस्ते दाम में खरीदने का लालच देते थे।
किराये का झांसा देकर किसानों से ट्रैक्टर की ठगी करने के मामले की जांच चल रही है। कुछ ट्रैक्टर पुलिस ने बरामद कर लिए हैं, जल्द ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा।
चक्रेश मिश्र, एसपी संभल