संभल जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही बहजोई में 100 बेड के जिला अस्पताल को चार मंजिला भवन मिल जाएगा। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ ही मरीजों को भी काफी राहत मिल सकेगी। कार्यदायी संस्था की ओर से डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी है।
जिला अस्पताल बहजोई में बनने से चंदौसी से बहजोई की दूरी करीब 18 किलोमीटर रहेगी। जबकि गुन्नौर से यह दूरी करीब 30 किलोमीटर और संभल से 27 किलोमीटर की दूरी रहेगी। बहजोई में ही सीएमओ कार्यालय भी अस्थाई तौर पर संचालित है। यह भी बहजोई सीएचसी के भवन में संचालित होता है।
बहजोई में पांच एकड़ भूमि में बनने वाले जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवास भी बनाए जाएंगे। इससे सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए राहत रहेगी। एक ही भवन में सभी सुविधाएं होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी भी मिलेंगे।
डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है। मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। करीब 124 करोड़ की डीपीआर भेजी है। जिला अस्पताल बहजोई में बनने से जिलेभर के लोगों को राहत मिलेगी। -मनीष बंसल, डीएम, संभल