चंदौसी (संभल)। शहर के गैस गोदाम रोड की जर्जर सड़क पर राह चलना दुश्वार हो गया है। सड़क में बने गहरे-गहरे गड्ढों में गिरकर आए दिन बाइक सवार घायल हो रहे हैं। लोगों ने कई बार सड़क की मरम्मत की मांग की, लेकिन जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।
चंदौसी के घटलेश्वर गेट से जज साहब वाली धर्मशाला तक करीब 500 मीटर लंबी सड़क मुरादाबाद-आगरा हाईवे को जोड़ती है। देखा जाए तो वाहन चालक इस सड़क का मिनी बाइपास के रूप में इस्तेमाल करते हैं। पिछले छह वर्ष से मरम्मत न होने से सड़क जर्जर हो चुकी है। देखने पर यह पता ही नहीं चलता कि इस मार्ग पर सड़क भी थी या नहीं। मार्ग में गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। बजरी और पत्थर भी उखड़ चुके हैं, जो आवागमन में मुसीबत बन रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बाइक सवारों को परेशानी होती है। कई बार ई-रिक्शा पलट गए हैं। इसके बाद भी जर्जज सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। आसपास के दुकानदार बताते हैं कि पूरे दिन धूल उड़ती रहती है। जिस वजह से दुकान पर बैठना भी मुश्किल हो रहा है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से जर्जर सड़क का पुन: निर्माण कराने की मांग की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि जल्द ही सड़क का निर्माण होना चाहिए।
-
बोले लोग
सड़क का नामोनिशान पूरी तरह मिट गया है, लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। जल्द ही सड़क का दोबारा से निर्माण होना चाहिए।- अनुराग तोमर
सड़क में गहरे-गहरे गड्ढे हो गए है, बजरी और पत्थर भी उखड़ चुके हैं। धूल उड़ती रहती है। जिससे दुकान पर बैठना मुश्किल हो रहा है। -नीरज राघव
कई बार सड़क के निर्माण के लिए प्रदर्शन किया है। जनप्रतिनिधि और अधिकारियों से भी समस्या से निजात दिलाने की मांग की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। -मनोहरपाल
जर्जर सड़क की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। करीब छह साल हो चुके हैं, लेकिन इस समस्या से निजात नहीं मिल पाई।-हरीशचंद्र दीक्षित