संभल। जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जिला अस्पताल में हुई जांच के दौरान तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें दो जिला अस्पताल के कर्मचारी हैं। अब तक जिले में 19 लोग डेंगू से पीड़ित मिल चुके हैं। साथ ही चार लोगों की डेंगू से मौत भी हो चुकी है।
शनिवार को हुई जांच के दौरान जिला अस्पताल में फार्मासिस्ट व संविदा पर तैनात लेखाकार में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके अलावा मोहल्ला कोटपूर्वी निवासी 27 वर्षीय एक महिला भी डेंगू पीड़ित मिली है। शनिवार और रविवार को कहीं भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर नहीं लगाया गया। इससे ही जाहिर हो रहा है कि स्वास्थ्य विभाग डेंगू को गंभीरता से नहीं ले रहा है।