संभल। मिठौली में राशन विक्रेता के खिलाफ ग्रामीणों ने राशन न देने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। आरोप है कि राशन विक्रेता लगातार अपनी मनमानी कर रहा है। जिससे राशन कार्ड धारकों को परेशानी हो रही है। राशन न मिलने पर मायूस होकर लौट जाते हैं। मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
सोमवार को गांव मिठौली में प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि राशन लेने जाते हैं तो राशन विक्रेता कोई न कोई बहाना बनाकर दुकान बंद करके चला जाता है। जिससे कार्ड धारकों को राशन नहीं मिलता वह परेशान होते हैं। सोमवार सुबह से राशन लेने आए हुए हैं लेकिन राशन की दुकान बंद है और विक्रेता का फोन बंद आ रहा है। दिलशाद ने कहा कि में छह दिन से लगातार राशन लेने आ रहा हूं लेकिन राशन विक्रेता बहाना बनाकर अगले दिन आने को कह देता है।
हाशरून ने कहा कि उन्हें हर बार एक यूनिट पर चार किलो राशन ही देता है। सरवरी ने कहा कि उनका अंत्योदय कार्ड है। राशन विक्रेता ने आज तक उन्हें पूरा राशन नहीं दिया। प्रदर्शन करने वालों में पीर बख्श, रहीस अहमद, परवीन जहां, नूर जहा, मोहम्मद नबी, रुबीना, रिजवान आदि रहे।
मिठौली गांव में राशन न बांटने की जांच की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर राशन विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दीपक श्रीवास्तव, पूर्ति निरीक्षक, संभल