ग्राम पंचायत सामान्य निर्वाचन-2015 के तृतीय चक्र के लिए पांच दिसंबर को गुन्नौर व जुनावई विकास खंड क्षेत्र की 117 ग्राम पंचायतों में मतदान होना है, जिसके चुनाव प्रचार गुरुवार शाम समाप्त हो गया है। 117 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के 832 प्रत्याशी हैं, जबकि 1182 सदस्य पद के प्रत्याशी हैं।
तीसरे चक्र के तहत गुन्नौर विकास क्षेत्र की 58 ग्राम पंचायतों में 722 वार्ड हैं। इसमें प्रधान पद के 386 व सदस्य पद के 502 प्रत्याशी हैं। यहां 81 मतदान केंद्रों के 194 मतदेय स्थलों पर 115468 मतदाता मतदान करेंगे। वहीं जूनावई विकास खंड की 59 ग्राम पंचायतों में 715 वार्ड हैं। 90 मतदान केंद्रों के 162 मतदेय स्थलों पर 112566 मतदाता मतदान करेंगे।
यहां प्रधान पद के 446 व सदस्य पद के 680 प्रत्याशी हैं। दोनों विकास खंड की सभी 117 ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रचार गुरुवार की शाम पांच बजे समाप्त हो गया है। हालांकि प्रधान पद के प्रत्याशी व उनके समर्थक देर रात तक मतदाताओं की कुंडियां खटखटा रहे हैं। गांवों में मतदाताओं को प्रलोभन देने की भी हदें पार की जा रही है।
इधर जिलाधिकारी एनकेएस चौहान व एडीएम डा. एसएन सिंह ने आरओ व एआरओ की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं। शांति व्यवस्था हर हाल में बनाए रखने को कहा गया है। बिना किसी दबाव में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मतदान कराया जाना है।