तस्करों-खनन माफियाओं से हुई वसूली के बंटवारे को लेकर अहार थाने में बृहस्पतिवार को जूतम-पैजार हुई।
यहां तैनात मुंशी पर महिला सिपाही ने छेड़छाड़ और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए पति के साथ उसकी जमकर धुनाई कर दी।
गंभीर रूप से घायल मुंशी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने महिला सिपाही और थाने के अन्य सिपाहियों पर गोकशी और खनन माफियाओं से सांठगाठ का अरोप लगाया है।
एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए महिला सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, महिला सिपाही ने मुंशी के खिलाफ तहरीर दी है।
एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि एक महिला सिपाही अहार थाने में सीसीटीएनएस पर तैनात है। थाने में ही कृष्णपाल सिंह बतौर मुंशी है।
पिछले कुछ दिनों से महिला सिपाही और कृष्णपाल के बीच विवाद चल रहा था। इंस्पेक्टर अहार दिनेश कुमार वशिष्ठ ने एसपी देहात को बताया कि बुधवार रात महिला कांस्टेबल ने कृष्णपाल से कहा कि वह उसके पीछे बुराई क्यों करता है।
तभी कृष्णपाल और महिला कांस्टेबल के बीच कहासुनी हो गई। इसी बीच महिला कांस्टेबल का पति भी वहां आ गया और उसने मुंशी कृष्णपाल को थाने में जमकर पीटा। जिसमें कृष्णपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामले को शांत कराया। रात में ही कृष्णपाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, कृष्णपाल ने बताया कि महिला सिपाही समेत अन्य कई सिपाही गोकशी और खनन करने वालों से वसूली करते हैं।
जिसका वह विरोध करता है। आरोप है कि वह इसकी शिकायत थानाध्यक्ष, सीओ से लेकर कप्तान तक कर चुका है। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। कृष्णपाल ने बताया कि कुछ दिन पहले ही आरोपी पुलिसकर्मियों ने उसका एक्सीडेंट करा दिया था।
जिसमें उसके पैर में चोट आई थी। वहीं, महिला सिपाही ने मुंशी पर छेड़छाड़ और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी को तहरीर दी है।
बोले एसपी देहात
थाने में मुंशी से महिला सिपाही और उसके पति ने मारपीट की। मुंशी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। महिला सिपाही को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। गोकशी और खनन करने वालों से वसूली के आरोप का मामला गंभीर है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - पंकज कुमार पांडेय, एसपी देहात