माघ माह की पूर्णिमा पर सोमवार को विभिन्न संगठनों, संस्थाओं ने प्रभातफेरियां व शोभायात्राएं निकाली। जिनमें भव्य झांकियों को भी शामिल किया गया। शोभायात्रा में श्रद्धालु भजन कीर्तन करते चल रहे थे।
माघ मास के अंतिम दिन पूर्णमासी को भंडारे, शोभायात्रा निकाले जाने की श्रृंखला में शहर में बिसौली गेट हरिमंडल ने शहर में शोभायात्रा निकाली। जो बिसौली गेट से प्रारंभ होकर बड़ा बाजार, घंटाघर, मुरादाबाद गेट, गोलागंज आदि में भ्रमण किया।
इसमें भगवान रामसीता के स्वरूप की झांकी शामिल थी। शोभायात्रा में विनोद अग्रवाल, प्रमोद कुमार, ओमशंकर, गोपाल बाबू, राममोहन, संजीव राजा, नरेश दीक्षित, पुनीत शर्मा, जगतराम, विनय शामिल रहे।
कस्बा नरौली निकाली में भी माघ माह की प्रभातफेरी गाजे बाजे के साथ निकाली गई। मुहल्ला मकूपुरा के बाबा जहांगीर के मंदिर से प्रारंभ होकर प्रभातफेरी बांके बिहारी मंदिर, पीपल वाला मंदिर, साहूकारा शिव मंदिर व लक्ष्मी नारायण मंदिर पर पहुंची। प्रभातफेरी में विभिन्न देवी देवताओं के स्वरूप की झांकी शामिल थी। श्रद्धालु भजन कीर्तन करते चल रहे थे।
श्री राधा माधव ब्रज संकीर्तन मंडल ने पूरे माघ माह में निकाली गई प्रभात फेरी का समापन सोमवार को शहर में शोभायात्रा निकाल कर किया। मंदिर में भंडारे के पश्चात भजन संध्या का आयोजन किया गया। शोभायात्रा मुहल्ला गोपाल के कल्कि मंदिर से शुरू होकर घंटाघर, बडाबाजार,कैथल गेट होती हुए बड़ा महादेव शिव मंदिर पर पहुंची।
शोभायात्रा में श्रद्धालु भजन कीर्तन करते चल रहे थे। गणेश ईशु प्रखर ने महाआरती की। इसके उपरांत मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। शाम सात बजे से कल्कि मंदिर पर भजन संध्या हुई। जिसमें मोहित शर्मा ने मनमोहक भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में उमेश रस्तोगी, ध्रुव कुमार, किशन कुमार, कृष्णा शर्मा आदि ने भाग लिया।
ग्राम रहोली फूलडोल मेले से पूर्व फूलडोल शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें ग्रामीणों ने भक्तिभाव के साथ भाग लिया। ग्राम रहोली में 22 से 26 फरवरी तक फूलडोल मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेला शुभारंभ से पूर्व सोमवार को गांव में फूलडोल शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें एक दर्जन स्वचालित झांकियां शामिल थी।
शुभारंभ ग्राम प्रधान सुभाष पाठक, जिला पंचायत सदस्य रामदास सैनी व मूलचंद्र शास्त्री ने संयुक्त रुप से फीता काटकर किया। शोभायात्रा में श्री शिव कीर्तन मंडल रहोली के नवल किशोर उपाध्याय, सतीश चंद्र पाठक, बद्री प्रसाद, संजीव कुमार, अमित पाठक, प्रहलाद, कपिल पाठक, नंदकिशोर मौर्य, रामरक्षपाल पाठक, आदि ने भाग लिया।