दनकौर रोड पर बेखौफ बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े विद्युत निगम के कैशियर को गोली मारकर 4.96 लाख रुपये लूटने की कोशिश की। घायल कैशियर बाइक भगाकर पुलिस पिकेट के पास पहुंचा और कैश लुटने से बचा लिया।
पुलिस ने घायल कैशियर को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे हायर सेंटर नोएडा रेफर कर दिया गया। पुलिस रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश कर रही है।
एसडीओ प्रेम कुमार ने बताया कि सुनील कुमार सिकंदराबाद विद्युत विभाग में कैशियर हैं। सोमवार दोपहर करीब चार बजे सुनील बिल कलेक्शन के 4.96 लाख रुपये लेकर दनकौर रोड स्थित पीली कोठी से पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने जा रहा था।
कोठी से निकलते ही तीन बाइक सवार बदमाशों ने लूट के इरादे से सुनील पर गोली चला दी। गोली हाथ में लगने से सुनील घायल हो गया। घायल सुनील कुमार ने अपनी बाइक दौड़ा हुआ पुलिस पिकेट पहुंचा।
पिकेट पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। सूचना पर सीओ धर्मेंद्र कुमार, एसओ विरेंद्र बिसारे फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
बदमाशों की तलाश में कांबिग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने घायल सुनील कुमार को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां उसे उसे हायर सेंटर नोएडा रेफर कर दिया गया।