संभल/असमोली/मढ़न। दो दिन पहले ससुराल जाने के लिए घर से निकले युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। जांच पड़ताल कर युवक के परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रविवार की सुबह छह बजे करीब असमोली थाना क्षेत्र के गांव खासपुर के नजदीक गांव तलवार की ओर जा रहे मार्ग पर एक युवक का चोट लगा शव पड़ा मिला। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर जानकारी की, तो शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस शव को लेकर असमोली स्थित सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र पहुंची। साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को शव मिलने की सूचना दी गई। गांव मलकपुर नवादा के कुछ ग्रामीणों ने शव की पहचान प्रमोद कुमार (25) पुत्र रामलाल के रूप में की। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो वह आनन फानन में मौके पर पहुंचे।
शव देखकर सब बिलख पड़े। मृतक के पिता ने बताया कि युवक मजदूरी करता था। शुक्रवार को थाना क्षेत्र के गांव ढकिया गालबपुर स्थित ससुराल कहकर गया था। शनिवार की शाम को वहां से आ गया था। लेकिन घर नहीं पहुंचा। अब ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना दी। पीड़ित पिता ने बताया कि युवक की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व रूबी से हुई है। एक पांच माह की मासूम बच्ची है। शराब पीने का आदी हो गया था, शायद नशे में गिरकर मौत हो गई होगी।
-----------------
युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवार ने कार्रवाई से इंकार किया है। परिजनों ने शराब का आदि होना बताया है। नशे की हालत में गिरने सेे थोड़ी चोट आई हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। -राकेश कुमार- थानाध्यक्ष असमोली