संभल। शादी समारोह से घर लौट रहे ग्रामीण के साथ बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने इस मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। लेकिन सुनवाई करने की बजाए डांट फटकार कर भगा दिया। अब पुलिस क्षेत्राधिकारी से रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
मंगलवार को दी तहरीर में हयात नगर थाना क्षेत्र के गांव अझरा निवासी कोमिल पुत्र जगदीश ने बताया कि रविवार को वह थाना क्षेत्र के गांव अजीनाबाद निवासी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात को 11 बजे घर लौटते समय गांव धतरा चौराहे के नजदीक दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने बाइक रोक ली और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। साथ ही जेब में रखे करीब पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया।
बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद गांव शीश लहर की ओर भाग गए। बदहवास हालत में घर पहुंच कर घटना परिजनों को बताई। परिजन थाने लेकर पहुंचे और कार्रवाई के लिए गुहार लगाई। लेकिन थाना पुलिस ने सुनवाई करने की बजाए डांट फटकार कर भगा दिया।
पीड़ित ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर हयात नगर थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह का कहना है कि लूट की घटना झूठी है। ग्रामीण नशे की हालत में थाने आया था। जिसको यह भी होश नहीं था कि वह कहां से आया है। यदि लूट की घटना होती तो कार्रवाई की जाती।