बहजोई। दादा पर चोरी का इल्जाम लगाने से गुस्साए युवक ने ग्रामीण को उस समय गोली मारी थी, जब ग्रामीण अपने खेत में पानी लगा रहा था। थाना गुन्नौर के गांव गेहट में बीती 1 मई 2019 को हुई ग्रामीण की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि पूरे मामले में मृतक ग्रामीण ऋषिकेश पुत्र नेत्रपाल की पत्नी की ओर से तहरीर देकर गांव के ही पप्पू के खिलाफ हत्या के आरोप में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
एसपी ने बताया कि 3 मई को गुन्नौर पुलिस ने ग्रामीण ऋषिकेश के हत्यारोपी पप्पू को कादराबाद गेट मेन रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी से आला कत्ल तमंचा 315 बोर व दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ऋषिकेश के खेत से किसी ने गेहूं चोरी कर लिए थे। इसके आरोप में ऋषिकेश उसके दादा पर गेहूं की चोरी का इल्जाम लगा रहा था। इस बात को लेकर उसकी ऋषिकेश से कहासुनी भी हुई थी।
ऋषिकेश उसे भी भला-बुरा कहने लगा। इस पर गुस्सा होकर उसने ऋषिकेश को तमंचे से गोली मार दी। गिरफ्तारी टीम मेें उप निरीक्षक सुल्तान सिंह समेत दूसरे पुलिस कर्मी शामिल रहे।