चंदौसी। तिहरे हत्याकांड के खुलासे की ओर बारहवें दिन भी कोई ठोस कदम नहीं उठा पाने और निरीक्षण के दौरान शस्त्रों को नहीं चला पाने पर पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाल चंदौसी रवींद्र प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया है। रजपुरा के थानाध्यक्ष प्रवीण सोलंकी को चंदौसी का नया कोतवाली प्रभारी बनाया है। नए कोतवाल ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतकों के मकान की तलाशी ली, जिसमें से कुछ महत्वपूर्ण अभिलेख कब्जे में लिए गए हैं।
शहर के बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड का खुलासा 12वें दिन भी नहीं हो सका है। हालांकि इसका खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने पांच टीमें लगाई थीं। सभी टीमें जुटी हुई भी हैं। मृतका संतोष सिंह और केसर सिंह के परिजनों से लगातार पूछताछ भी की जा रही है।
इसके अलावा पुरानी वारदातों में प्रकाश में आए कई शातिरों से भी पुलिस ने पूछताछ की है, लेकिन अभी तक पुलिस इस मामले में कोई ठोस सबूत नहीं जुटा सकी है। जबकि ट्रिपल मर्डर की मानीटरिंग कई उच्चाधिकारी कर रहे हैं।
डीजीपी कार्यालय भी इस मामले का संज्ञान ले रहा है। दो दिन पूर्व चंदौसी कोतवाली का निरीक्षण करने आए पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने जब कोतवाली प्रभारी रवींद्र प्रताप सिंह से इंसास रायफल को चलाने की प्रक्रिया जाननी चाही तो वह उसे खोल भी नहीं पाए।
कोतवाली में तैनात कई दरोगा, शस्त्रों के बारे में जानकारी तक नहीं दे सके। तब भी पुलिस अधीक्षक ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। आखिरकार, बुधवार को पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली प्रभारी चंदौसी रवींद्र प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया।
रजपुरा के थानाध्यक्ष प्रवीण सोलंकी को चंदौसी का कोतवाली प्रभारी बनाया है। जबकि क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर अता मोहम्मद को रजपुरा का नया थानाध्यक्ष बनाया है।
नए कोतवाल प्रवीण सोलंकी ने ट्रिपल मर्डर के खुलासे की नई चुनौती मिलने के बाद बुधवार को ही सबसे पहले गुरु तेग बहादुर कालोनी जाकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। बताते हैं कि संतोष सिंह के भवन की अलमारियों में कुछ अभिलेख भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
हालांकि पुलिस के शक की सुई अभी भी केसर सिंह के परिजनों पर अटकी हुई है। कोतवाली प्रभारी ने शीघ्र ही तिहरे हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है।