संभल। बहजोई थाना क्षेत्र के चिरौली भगवंतपुर गांव में बीस दिन पूर्व कार की टक्कर से एक छह वर्षीय बालक की मौत हो गई थी। उस समय तो परिजनों ने उसके शव को दफन कर दिया था लेकिन अब कार चालक के खिलाफ लापरवाही से कार चलाकर बालक को जान से मार देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट लिखाई है। इस पर पुलिस ने बालक के शव को शुक्रवार को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पवांसा क्षेत्र के चिरौली भगवंतपुर गांव में 28 दिसंबर-2018 को सतेंद्र सिंह के छह साल के पुत्र कार्तिक की घर के बाहर खेलते समय हयात नगर निवासी दयाराम शर्मा की कार की टक्कर लगने से मौत हो गई थी।
उस समय तो परिजनों ने रिपोर्ट नहीं लिखाई। बच्चे को दफन कर दिया। लेकिन बीस दिन बाद अब बालक के परिजनों ने कार स्वामी दयाराम के खिलाफ बहजोई थाने में लापरवाही से कार चलाकर बालक की मौत के घाट उतारने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हत्या की आशंका में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तहसीलदार नितिन तनेजा की मौजूदगी में बालक के शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है।