संभल। जिले के हयात नगर थाना क्षेत्र स्थित मऊ भूड़ गांव के श्री बाला जी इंटर कालेज में बदमाशों ने रविवार की रात धावा बोल दिया। चौकीदार और उसकी पत्नी तथा दो बच्चों को बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। पकड़े जाने के भय से सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले। इसके बाद स्कूल का इंवर्टर, बैट्री और स्टेबलाइजर निकाल लिया। वारदात की जानकारी स्कूल प्रबंधक को तब मिली जब कर्मचारी और उसकी पत्नी के हाथ-पैर खुले। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी गई है। हयात नगर थाना पुलिस ने मौके पर जांच की है। मऊ भूड़ में श्री बालाजी इंटर कॉलेज है। बदमाश कालेज के पास स्थित कल्लू के नलकूप पर पहुंचे।
यूकेलिप्टस के तीन पेड़ों से डालियां काटीं और रस्सी के जरिए सीढ़ी तैयार कर ली। इसके बाद कालेज के द्वार पर पहुंचे और चौकीदार को पुलिस बनकर आवाज लगाई। आवाज सुनकर भी चंद्रपाल कालेज से बाहर नहीं आया तो बदमाश सीढ़ी लगाकर स्कूल में दाखिल हो गए। चंद्रपाल को पकड़ा उसके हाथ-पैर बांध दिए। उसकी पत्नी कमलेश देवी और तीन में दो बच्चों के हाथ भी बांध दिया। तीसर बच्चा छोटा था जो सोता रह गया। बदमाशों ने चंद्रपाल से कालेज के ऑफिस की चाबी मांगी। चंद्रपाल ने कहा कि उसके पास चाबी नहीं है। चाबी प्रधानाध्यापक के पास है तो बदमाशों ने उसे मारा-पीटा और जान से मारने की धमकी देेने लगे। चंद्रपाल डर गया। उसने चाबी दे दी। बदमाशों ने ऑफिस खोला। उन्हें सीसीटीवी कैमरे लगे हुए दिखाई दिए।
उन्होंने कैमरे तोड़े। फिर तीन अलमारियां खोलीं। उसमें स्कूल के कागज रखे थे, जिन्हें फाड़ दिया। स्कूल के मंदिर में 2500 रुपये थे जो निकाल लिए। बदमाश इंवर्टर, बैट्री, सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डर और पांच किलोवाट का स्टेबलाइजर ले गए। जाते-जाते चंद्रपाल व उसकी पत्नी कमलेश, बड़े बेटे सनी और इससे छोटी बेटी यशोदा को बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। चंद्रपाल ने बताया कि लूटपाट करने वाले आधा दर्जन लोग शस्त्रधारी थे।
सबके चेहरों पर कपड़े का ढाटा था। बदमाशों के जाने के बाद यशोदा ने पिता चंद्रपाल और मां कमलेश के साथ भाई सनी के हाथ-पैर खोले। बदमाश चंद्रपाल का मोबाइल फोन तोड़ गए थे। जिससे वह स्कूल मैनेजर को तत्काल सूचित नहीं कर सका। बंधन मुक्त होने के बाद वह पड़ोस में स्थित एक भट्ठे पर गया। चंद्रपाल ने भट्ठे वालों के मोबाइल फोन से स्कूल प्रबंधक धीरेंद्र यादव को सूचना दी। सवा चार बजे धीरेंद्र यादव स्कूल आए। उन्होंने थाना हयात नगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। धीरेंद्र यादव ने थाना हयात नगर में तहरीर लिख कर दी है।