बहजोई। अज्ञात बाइक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार बुरी तरह से घायल हो गया। आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर घायल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
हादसा गुरुवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे डीएम दफ्तर के पास मुरादाबाद आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। गुरुवार को रेलवे स्टेशन के सामने लाइन पार निवासी विकास (24) पुत्र रामनिवास बाइक पर सवार होकर अपने घर आ रहा था। जैसे ही वह डीएम दफ्तर के पास पहुंचा तो बबराला की ओर से आ रही तेज गति एक बाइक ने उसकी बाइक में जबरर्दस्त टक्कर मार दी। बाइक सवार उछलकर दूर सड़क पर जा गिरा और बुरी तरह से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची 108 नंबर एबुंलेंस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली। परिजनों के मुताबिक मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। सिटी इंचार्ज अजय कुमार धामा ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के भाई विश्वास शर्मा की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर एफआइआर दर्ज की गई है।