संभल। असमोली थाना क्षेत्र के गांव मालपुर मिलक के नजदीक मुरादाबाद के निजी बस चालक का शव मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
मंगलवार की भोर तीन बजे करीब असमोली पुलिस को गश्त करते समय गांव मालपुर मिलक के नजदीक सड़क किनारे शव पड़ा मिला। युवक की बाइक शव से एक किलोमीटर दूर खड़ी मिली। दस्तावेेज के आधार पर शव की पहचान मुरादाबाद के थाना कटघर के भदौड़ा बिहार डबल फाटक दस सराय चौकी निवासी राकेश रुहेला (55) के रूप में हुई। पुलिस ने कटघर थाना पुलिस के माध्यम से पीड़ित परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजनों में शव देखकर कोहराम मच गया। मृतक के बेटे अनमोल रुहेला ने बताया कि उसके पिता लुधियाना में निजी बस चालक थे। सोमवार को दोपहर दो बजे लुधियाना जाने के लिए बाइक से निकले थे। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज पड़ताल शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष असमोली रणवीर सिंह का कहना है कि पीड़ित परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।