बहजोई। बीएसए के निरीक्षण में जिले के पांच परिषद विद्यालय बंद मिले। इसके अलावा कुछ विद्यालयों में स्टाफ नदारद मिला। इसको लेकर स्टाफ के एक दिन के वेतन पर रोक लगाई गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि गुरुवार को सुबह 8.10 बजे विकासखंड पवांसा की ग्राम पंचायत कासमपुर जगरूप का प्राथमिक विद्यालय बंद मिला। इसके अलावा 8.15 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय भी बंद मिला। बीएसए ने बताया कि सुबह 8.25 बजे ग्राम पंचायत नगलिया बल्लू का प्राथमिक विद्यालय भी बंद पाया गया।
वहीं सुबह 8.32 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक सहायक अध्यापक व दो अनुदेशक गैर हाजिर मिले। ग्राम पंचायत थरैसा जयसिंह के उच्च प्राथमिक विद्यालय में इंचार्ज अध्यापक, दो सहायक अध्यापक व एक शिक्षामित्र गैर हाजिर मिले।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत अहमदनगर थरैसा व ग्राम पंचायत देवापुर का संविलयन विद्यालय बंद मिले। बीएसए के मुताबिक बंद विद्यालयों के पूरे स्टाफ समेत दूसरे विद्यालयों में गैर हाजिर रहे इंचार्ज अध्यापक, सहायक अध्यापक, अनुदेशक व शिक्षामित्र पर कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन रोका गया है।