संभल। थानाक्षेत्र के गांव अकरौली के तालाब में शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गोवंशीय पशुओं के शव उतराते हुए देखे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पहुंच ग्रामीणों की मदद से तालाब से दो पशुओं के शव बाहर निकाले। माना जा रहा है कि जलकुंभी व दलदल में फंसकर पशुओं की मौत हुई है।
गांव अकरौली के तालाब में जलकुंभी व दलदल है। शनिवार की सुबह तालाब के पास से गुजर रहे ग्रामीणों दो पशुओं के शव उतराते देखे। कुछ ही देर में काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना से पुलिस को अवगत कराया गया। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों से जानकारी की। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तालाब से पशुओं के शव को बाहर निकालवाया। शनिवार की शाम तक दो पशुओं के शव को बाहर निकाला जा चुका था। ग्राम प्रधान सलीम खान ने बताया कि पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंच ग्रामीणों से जानकारी की। तालाब से निकाले गए दो पशुओं को शव को गड्ढा खोद दबा दिया गया। वहीं 26 दिसंबर को भी छह पशुओं के शव निकाले गए थे।