संभल। थाना बनियाठेर क्षेत्र के मुरादाबाद मार्ग स्थित गांव अकरौली के पास बाइक सवार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
बदायूं जनपद के थाना बिसौली के गांव मिठावई निवासी प्रमोद कुमार (40) जनपद मुरादाबाद के थाना कुंदरकी में खराद मशीन में कार्य करता है। शाम को कार्य खत्म करने के बाद वह रोजाना बस से अपना घर जाता है। सोमवार को देर रात तक कार्य करने के कारण प्रमोद अपने मालिक की बाइक से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार गांव अकरौली की गोशाला के निकट सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा। हादसे के बाद बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर थाना बनियाठेर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद रेफर कर दिया।