नरौली/चंदौसी। थाना बनियाठेर क्षेत्र के संभल मार्ग पर नरौली के झंडा वाला बाग के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव बेहटा साहू निवासी किसान कुंवर पाल का 20 वर्षीय पुत्र रवि कुमार गांव के साथी अनुज व भूपेंद्र के साथ संभल मार्ग स्थित सराय सिकंदर के पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल डलवाने जा रहा था। बाइक सवार जब संभल मार्ग स्थित नरौली के झंडा वाला बाग के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रवि कुमार की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि अनुज व भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर नरौली चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। यहां भूपेंद्र की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने मुरादाबाद रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक रवि के परिजन भी मौके पर पहुंच और विलाप करने लगे। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। चौकी इंचार्ज सुंदर लाल ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा रहा है।