चंदौसी। भारतीय किसान यूनियन टिकैत का अनिश्चित कालीन धरना टी-प्वाइंट रजपुरा में छटे दिन भी जारी रहा। रविवार को भी कोई अधिकारी किसानों से वार्ता करने नहीं पहुंचा। जिससे किसानों में रोष व्याप्त है।
दिल्ली से आए भाकियू के प्रदेश प्रमुख महासचिव बिजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि अगर दो-तीन दिन में किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो विद्युत विभाग के विरुद्ध बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जब किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व इसी स्थान पर अपर जिलाधिकारी किसानों के धरने में पहुंचे थे और किसानों की समस्याएं सुनी थी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि एक गोशाला संचालित की जाएगी। परन्तु आज तक टी-प्वाइंट पर कोई भी गोशाला नहीं बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि ब्लाक रजपुरा के गांवों में किसानों के घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही हैं। जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बाद भी विद्युत विभाग ने अपनी तरफ कोई उपाय नहीं किए हैं। इसके अलावा किसानों की कई समस्याएं हैं। जिनका निस्तारण होना जरूरी है।