चंदौसी। आचार संहिता लगते ही शासन, प्रशासन ने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी के फोटो लगे रिफाइंड, चना व नमक के पैकेट के वितरण पर रोक लगा दी। जिले में रविवार को अधिकांश दुकानें बंद रहीं। प्रशासन ने राशन विक्रेताओं को गेहूं व चावल का वितरण जारी रखने के आदेश दिए हैं। जिले से आधे से अधिक राशन कार्ड धारक रिफाइंड, चना व नमक से वंचित रह गए हैं।
जिले में करीब 3.94 लाख कार्ड धारक हैं। इनमें से 23 हजार अंत्योदय तथा करीब 3.71 लाख पात्र गृहस्थी कार्डधारक हैं। शासन ने दिसंबर 2021 से मार्च 2022 तक कार्डधारकों को चावल-गेहूं के साथ रिफाइंड, चना व नमक एक-एक किलो मात्र में प्रति कार्ड की दर से वितरण के निर्देश दिए थे। जनवरी माह में भी पांच तारीख से राशन की दुकानों पर खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। रिफाइंड, चना और नमक के पैकेट पर पीएम व सीएम के फोटो लगे हैं, सोच ईमानदार, काम दमदार की टैग लाइन लिखी है। आचार संहिता लगते ही शासन ने इन पैकेटों के वितरण पर रोक लगा दी है।
राशन विक्रेताओं ने भी दुकान पर ताले लगाकर राशन वितरण न करने का नोटिस चस्पा कर दिया है। अभी तक जिले में करीब 50 फीसदी लोगों ने ही राशन लिया था। डीएम संभल ने भी राशन विक्रेताओं को आदेश दिए हैं कि किसी भी कीमत पर फोटो लगे पैकेट वितरित न किए जाएं।
पीएम व सीएम के फोटो लगे पैकेट के वितरण पर रोक लगा दी गई है। यदि कोई नमक, रिफाइंड, चना के पैकेट वितरित करता है तो उसके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की जाएगी। अभी नमक, चना, रिफाइंड को स्टॉक में दुकानों पर ही रखा गया है। इनके संबंध में शासन के जैसे निर्देश होंगे, उनका पालन कराया जाएगा।
संजीव रंजन, डीएम, संभल