संभल। गोरखनाथ मंदिर में तैनात पीएसी के जवानों पर हमला करने वाले आरोपी के तार संभल से जुड़े होने के मामले में एटीएस की टीम तीन दिन से डेरा डाले हुए है। अब तक कोई संदिग्ध हिरासत में तो नहीं लिया गया है, लेकिन एटीएस की टीम का प्रयास लगातार जारी है। सूत्रों के अनुसार एटीएस को कुछ अहम सबूत हाथ लगे हैं। जो पूरी कार्रवाई के बाद सार्वजनिक किए जाएंगे। फिलहाल तो टीम लोकेशन के सहारे संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मंगलवार को एटीएस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कोतवाली संभल क्षेत्र के मियां सराय निवासी एक व्यक्ति के घर दबिश दी थी। जिस व्यक्ति की तलाश थी वह तो नहीं मिला लेकिन कुछ अहम दस्तावेज जब्त किए गए थे। टीम कई जगह शहर में छानबीन कर चुकी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एटीएस की टीम कुछ लोकेशन की छानबीन कर रही है। स्थानीय पुलिस को इस पूरी कार्रवाई से अब दूर रखा गया है। बृहस्पतिवार को कुछ स्थानों पर टीम पहुंची और छानबीन के बाद लौट गई।