बबराला में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से गरीब, किसान और संविधान को खतरा है, तो दूसरी ओर जान को भी खतरा बना हुआ है। दोबारा से भाजपा की सरकार बनी, तो यह वोट का अधिकार भी छीन लेगी।
इसलिए अलग अलग विचारधारा के बावजूद संविधान को बचाने के लिए सभी दल इंडी गठबंधन में एकजुट हुए हैं। बबराला के बाबू राम सिंह भाय सिंह डिग्री काॅलेज के मैदान पर बदायूं लोकसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी आदित्य यादव के समर्थन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान बदलने जा रहे हैं। संविधान बचेगा, तभी आरक्षण और अधिकार बचेगा। इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर पैसे वसूलने वाली भाजपा विकसित भारत का सपना दिखा रही है।
यह सपना तभी साकार होगा, जब हमारे देश का गरीब, किसान खुशहाल होगा। बीजेपी वालों ने बड़े बड़े उद्योगपतियों का कर्जा माफ किया। गरीब किसान का लाखों का कर्ज माफ नहीं किया। इंडिया गठबंधन की सरकार बनी, तो किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जबरन सभी को कोविड की वैक्सीन लगवा दी। हम तो बच गए थे। कोविड वैक्सीन की खबर आप अखबारों में पढ़ रहे होंगे। जिसने वैक्सीन लगवाई, उसकी जान को खतरा है।
अब सरकार को सभी की निशुल्क ईसीजी जांच कराने की व्यवस्था करनी चाहिए। ताकि पता तो चले कि हार्ट अटैक कब आएगा। भाजपा पर तंज सकते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार फेल हो गई है। होर्डिंग से एक पोस्टर गायब हो गया है। इस चुनाव के बाद दूसरा पोस्टर भी गायब हो जाएगा।
सपा की दी सुविधा बिगाड़ दी
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने एंबुलेंस बनाई थीं। बीजेपी वालों ने एंबुलेंस खराब दी। यूपी पुलिस डायल 100 नंबर की व्यवस्था की थी। वह भी खराब कर दी है। उसे बढ़ाकर 100 से 112 नंबर कर दिया है। जब से नंबर बढ़ा है, पुलिस वालों ने भी अपने रेट बढ़ा लिए हैं।