बहजोई। उपचार में लापरवाही पर नवजात की मौत होने का हवाला देते हुए परिजनों ने अपंजीकृत अस्पताल के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। वहीं सीएमओ की ओर से स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी गई। टीम की ओर से अस्पताल को सीज कर दिया गया।
सोमवार की सुबह करीब आठ बजे इसलामनगर रोड स्थित एक अपंजीकृत अस्पताल के बाहर कुछ ग्रामीण यह कहते हुए हंगामा करने लगे कि अस्पताल स्टाफ की ओर से उपचार में लापरवाही की गई है। इससे उनके नवजात की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चितनपुर निवासी जाने आलम पुत्र नवाब अली ने बताया कि 18 सितंबर की शाम को उसने अपनी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया था। प्रसव के बाद पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया था।
पहले तो बच्चा ठीक था। बाद में उपचार में लापरवाही के चलते देर रात अचानक बच्चे की तबियत बिगड़ी और रात करीब तीन बजे बच्चे ने दम तोड़ दिया। अस्पताल स्टाफ से कुछ जानकारी लेते, इससे पहले मौका देखकर अस्पताल स्टाफ भी भाग गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार सक्सेना ने बताया कि टीम को भेजकर अस्पताल सीज करा दिया गया है। अब विभाग की ओर से अस्पताल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को लेकर तहरीर दी जाएगी।