सयभल में पीईटी की परीक्षा छूटने के बाद शंकर चौराहे पर लगा जाम।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। पीईटी की परीक्षा के दौरान संभल शहर में जगह-जगह जाम के हालात बने रहे। मुख्य मार्ग पर भी दिन में कई बार जाम लगा। आने-जाने वाले वाहनों के पहिये रेंग-रेंगकर आगे बढ़े। इससे न सिर्फ राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा, बल्कि पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को भी निकलने में परेशानी हुई। वहीं परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में प्रशासन फेल होता नजर आया।
संभल के शंकर भूषण शरण जनता इंटर कालेज, हिंद इंटर कालेज, बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल, आचार्य मुक्तेश हकीम रईस इंटर कालेज, एमजीएम महाविद्यालय ऐसे परीक्षा केंद्र थे, जहां आम दिनों में ही भीड़ रहती है और वाहनों का दबाव बना रहता है। मंगलवार को इन परीक्षा केंद्रों पर पीईटी की परीक्षा हुई तो आम भीड़भाड़ के साथ विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ गई। वाहनों का भी दबाव और बढ़ गया। सबसे व्यस्त रहने वाला चंदौसी चौराहा जाम की गिरफ्त में आ गया। दिनभर यहां जाम की स्थिति रही।
आने-जाने वाले वाहन रेंग-रेंगकर गुजरे। जाम लगने से न सिर्फ राहगीरों को परेशानी हुई बल्कि पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को भी आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव की गाड़ी भी 15 मिनट तक जाम में फंसी रही। वहीं, शंकर चौराहा, अस्पताल चौराहा, रोडवेज बस स्टेशन मार्ग पर जाम ने खूब थकाया।